मध्य प्रदेश के 15 लाख किसानों को मिलेंगे फसल बीमा के 2990 करोड़
राज्य सरकार ने जमा किया 22 सौ करोड़ रुपये का प्रीमियम
भोपाल। प्रदेश के 15 लाख किसानों को फसल बीमा की कुल 2,990 करोड़ की बीमा राशि मिलेगी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार, 19 अप्रैल 2020 को यहाँ वल्लभ भवन मंत्रालय में कृषि विभाग की बैठक को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश के 15 लाख किसानों को फसल बीमा की कुल 2,990 करोड़ की बीमा राशि अगले सप्ताह तक प्राप्त हो जाएगी। यह राशि सीधे उनके खातों में आ जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने खरीफ एवं रबी फसलों के लिए सरकार द्वारा देय प्रीमियम 2,200 करोड़ रुपये का भुगतान नहीं किया था। इसके कारण किसानों को फसल बीमा का लाभ नहीं मिला। श्री चौहान ने कहा कि हमने सरकार बनते ही मार्च माह में बीमा कंपनियों की यह राशि जारी कर दी, जिससे अब किसानों को फसल बीमा राशि प्राप्त हो जाएगी।
बैठक में प्रमुख सचिव कृषि ने बताया कि सरकार द्वारा खरीफ वर्ष 2018 तथा रबी वर्ष 2018-19 की फसल बीमा के प्रीमियम की राशि बीमा कंपनियों को जारी कर दी गई है। अब इन वर्षों की फसल बीमा की राशि किसानों को प्राप्त हो जाएगी। बैठक में बताया गया कि खरीफ 2018 में प्रदेश के 35 लाख किसानों द्वारा फसलों का बीमा कराया गया था, उनमें से 8.40 लाख किसानों को 1,930 करोड़ रुपये की बीमा राशि प्राप्त होगी। इसी प्रकार, रबी 2018-19 में प्रदेश के 25 लाख किसानों द्वारा रबी फसलों का बीमा कराया गया था। इनमें से 6.60 लाख किसानों को 1,060 करोड़ रुपये की बीमा राशि प्राप्त होगी।
मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, प्रमुख सचिव कृषि अजीत केसरी एवं अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे।
मध्य प्रदेश के 15 लाख किसानों को मिलेंगे फसल बीमा के 2990 करोड़