उत्तर प्रदेश की चीनी मिलें किसानों की खुशहाली का आधार होंगी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

Yogi Adityanath Chief Minister of Uttarpradesh
पूर्वान्चल चीनी का कटोरा बनेगा: सुरेश राणा
पिपराइच चीनी मिल की पेराई क्षमता प्रतिदिन 8,000 कुन्तल से बढ़ाकर 50,000 कुन्तल प्रतिदिन की गयी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की चीनी मिलें किसानों की खुशहाली का मार्ग प्रशस्त करेंगी। किसानों के हित में प्रदेश के चीनी उद्योग को पुनर्जीवित किया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार, 17 नवम्बर 2019 को पिपराइच में 5,000 टी.सी.डी. पेराई क्षमता की नई चीनी मिल एवं 27 मेगावाट क्षमता के विद्युत उत्पादन संयंत्र के लोकार्पण अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में इस आशय के विचार व्यक्त किए।
चीनी मिल के शुभारम्भ के लिए सभी को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की चीनी मिलें किसानों की खुशहाली का आधार होंगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के चीनी उद्योग को पुनर्जीवित किया गया है। पूर्ववर्ती सरकारों ने चीनी मिलों को बन्द कर, उन्हें बेचने का काम किया। इससे गन्ना किसानों को नुकसान हुआ। साथ ही, क्षेत्र का विकास भी ठप हो गया। वर्ष 2011 में यह चीनी मिल भी बन्द कर दी गयी थी। वर्तमान राज्य सरकार ने पिपराइच चीनी मिल को पुन: निॢमत कर संचालित करने का निर्णय लिया। पुनर्निर्माण में पिपराइच चीनी मिल की पेराई क्षमता प्रतिदिन 8,000 कुन्तल से बढ़ाकर 50,000 कुन्तल प्रतिदिन की गयी है। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पिपराइच चीनी मिल में चीनी के साथ-साथ 27 मेगावाट बिजली का उत्पादन भी होगा। इसमें 2 से 3 मेगावाट बिजली का प्रयोग चीनी मिल में किया जायेगा। शेष बिजली आसपास के क्षेत्र के प्रयोग में आएगी। उन्होंने कहा कि पिपराइच चीनी मिल में गंधकविहीन चीनी का निर्माण होगा। मिल में बिजली के उत्पादन से 30 करोड़ रुपये की बचत होगी। इससे किसानों के गन्ना मूल्य का समय से भुगतान होगा। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण में चीनी मिल में अत्याधुनिक डिस्टलरी का निर्माण कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस चीनी मिल के संचालन से हजारों की संख्या में नौजवानों को रोजगार मिलेगा। इससे किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। किसानों के 76 हजार करोड़ रुपये के बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराया जा चुका है। आगे भी किसानों के पाई-पाई का भुगतान कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष से खाद कारखाना भी संचालित हो जायेगा। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा किसानों की सुविधा के लिए ठोस व्यवस्था की जा रही है। किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य दिलाने के लिए क्रय केन्द्र खोले गये हैं, जहाँ न्यूनतम समर्थन मूल्य के आधार पर किसानों की उपज की खरीद की जा रही है। किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाया जा रहा है। सभी लघु एवं सीमान्त किसानों का एक लाख रुपये तक का कर्ज भी माफ किया गया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि खेतों मे पराली न जलायें, इससे प्रदूशण होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास की कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार गरीब, महिला, किसान और समाज के निचले तबके को ध्यान में रखकर विकास की योजनाएं बना रही है। 'सबका साथ, सबका विकासÓ के मंत्र के आधार पर बिना भेदभाव के समाज के सभी वर्गों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री सुरेश राणा ने कहा कि शीघ्र ही मुण्डेरवा चीनी मिल का भी शुभारम्भ किया जाएगा। पूर्वान्चल चीनी का कटोरा बनेगा और पूर्वान्चल में चीनी मिलों के संचालन होने पर यहाँ के लोगों को प्रत्यक्ष/ अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार भी मिलेगा। कार्यक्रम को गोरखपुर के सांसद रविकिशन और विधायक पिपराइच महेन्द्रपाल सिंह ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर जनपद के प्रभारी मंत्री रमापति शास्त्री सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।