भोपाल। प्रदेश में किसानों की स्थिति दिन प्रतिदिन बद से बदतर होती जा रही है और कमल नाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार कुंभकर्णी नींद सो रही है। पूर्व कैबिनेट मंत्री व नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने सोमवार, 4 नवम्बर 2019 को यहाँ किसान आक्रोश आंदोलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। मध्यप्रदेश के किसानों की विभिन्न समस्याओं की ओर कांग्रेस की कुंभकर्णी सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिये भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश द्वारा सोमवार, 4 नवम्बर 2019 को पूरे प्रदेश में जिला मुख्यालयों पर किसान आक्रोश आंदोलन कार्यक्रम आयोजित किया।
गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रदेश में चारों ओर हाहाकार मचा हुआ है। किसानों सहित अन्य कोई वर्ग सरकार के नीतियों और काम से संतुष्ट नहीं है। किसानों की स्थिति भयावह हो चली है। सभी किसानों का 2 लाख का कर्ज माफ नहीं हुआ। अतिवर्षा से फसलें नष्ट हो गई हैं लेकिन किसानों को अब तक मुआवजा राशि नहीं दी गई। बिजली के बिल आधे नहीं किए गए, उल्टा किसानों को बड़े हुई राशि के बिजली के बिल मिलना शुरू हो गए हैं। कांग्रेस सरकार के रवैये से किसान दु:खी हैं, उनमें हताशा और निराशा का भाव है जिसके चलते वे आत्महत्या करने को प्रेरित हो रहे हैं जो अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है।
गोपाल भार्गव ने कहा कि प्रदेश की जनता के हित में कुंभकर्णी नींद में सो रही कांग्रेस सरकार को जगाने के लिए भाजपा लगातार आंदोलन करके सरकार को जनता के हित में काम करने के लिए बाध्य करती रहेगी।
विधायक हुजूर विधानसभा और प्रदेश उपाध्यक्ष रामेश्वर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने किसानों के साथ वादा खिलाफी की है। 10 माह की कांग्रेस सरकार में किसान बुरी स्थिति में हैं। अतिवर्षा से सोयाबीन सहित खरीफ की सभी फसलें खराब हो गई हैं लेकिन आज दिनांक तक सरकार ने मुआवजा राशि नहीं दी। आगामी रबी सीजन के लिए किसानों के पास खाद, बीज खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं। किसान कंगाली की कगार पर हैं और सरकार तबादलों में व्यस्त है।
इस अवसर पर विधायक नरेला विधानसभा व पूर्व मंत्री विश्वास सारंग, विधायक बैरसिया विधानसभा विष्णु खत्री, पूर्व लोकसभा सांसद व प्रदेश प्रवक्ता भाजपा आलोक संजर, पूर्व विधायक भोपाल मध्य विधानसभा व पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र नाथ सिंह, प्रदेश प्रवक्ता भाजपा राहुल कोठारी, भोपाल जिलाध्यक्ष शहर विकास विरानी, भोपाल जिलाध्यक्ष ग्रामीण गोपाल मीणा, रमेश शर्मा गुट्टू भैया, भोपाल जिला महामंत्री अशोक सैनी, लिली अग्रवाल, अंशुल तिवारी, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी संदीप श्रीवास्तव, किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यालय मंत्री पदम सिंह ठाकुर, किसान मोर्चा के प्रदेश सह कार्यालय मंत्री अशोक मीना, किसान मोर्चा भोपाल ग्रामीण अध्यक्ष अशोक मीना सम्राट, किसान मोर्चा भोपाल नगर अध्यक्ष नर्मदा प्रसाद यादव सहित अन्य भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम को विश्वास सारंग, विष्णु खत्री, गोपाल मीणा, अशोक सैनी, अंशुल तिवारी, लिली अग्रवाल ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में आक्रोश स्वरूप किसानों को बढ़ी हुई राशि के मिले बिजली बिलों को जलाया गया।