अमानक कृषि आदानों के विरुद्ध सघन जाँच अभियान
भोपाल। मध्यप्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास, उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री सचिन यादव के निर्देश पर प्रदेश में खाद, बीज तथा कीटनाशी की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिये 15 से 30 नवम्बर तक सघन जाँच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन शनिवार, 16 नवम्बर 2019 को जाँच दलों ने 102 उर्वरक विक्रेताओं के गोदामों का निरीक्षण किया, 112 नमूने लिये। 4 प्रकरणों में अनियमितता पाये जाने पर कार्यवाही की गई। 5 उर्वरक निर्माण इकाइयों का निरीक्षण कर 4 नमूने लिये गये। पौध संरक्षण दवा विक्रेताओं के 104 गोदामों का निरीक्षण कर 64 नमूने लिये गये। 122 बीज विक्रेताओं के गोदामों का निरीक्षण कर 125 नमूने लिये गये। 10 प्रकरणों में कारण बताओ नोटिस जारी किये गये।
शनिवार को जाँच दल को सिवनी जिले में गेहूँ बीज का अवैध परिवहन तथा भण्डारण मिला। बीज भण्डारण के दस्तावेज नहीं होना जाए जाने पर बीज संग्रहण जप्त कर पुलिस अभिरक्षा में सौंपा गया। सिवनी में बीज अधिनियम में अनियमितता पाये जाने पर नाथ बायोजीन कम्पनी के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गयी है।