वर्षा से लगभग 60 लाख 47 हजार हेक्टेयर क्षेत्र की 16 हजार 270 करोड़ रुपये की फसल प्रभावित
लगभग 53 लाख 90 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में 33 प्रतिशत तक फसल क्षतिग्रस्त
फसलों के नुकसान के लिए माँगी गई सहायता राशि 3,742 करोड़ रुपये
भोपाल, गुरुवार, 3 अक्टूबर 2019। केन्द्र सरकार मध्य प्रदेश के अति-वर्षा और बाढ़ प्रभावितों के लिये 7,154.28 करोड़ रुपये जारी करे। मध्य प्रदेश के प्रमुख सचिव, राजस्व मनीष रस्तोगी ने हाल में केन्द्र सरकार को इस आशय का एक पत्र भेजा है।
मध्यप्रदेश सरकार ने पत्र के माध्यम से प्रदेश में अति-वर्षा और बाढ़ से हुए नुकसान की भरपाई के लिये केन्द्र सरकार से 7,154.28 करोड़ रुपये की सहायता राशि शीघ्र जारी करने का अनुरोध किया है। इस राशि में एनडीआरएफ मद से 6,621.28 करोड़ रुपये केन्द्रीय सहायता राशि और एसडीआरएफ से इस वर्ष की दूसरी किश्त की राशि 533 करोड़ रुपये शामिल है।
प्रमुख सचिव, राजस्व ने हाल में केन्द्र को भेजे पत्र में कहा है कि प्रदेश के लिए राज्य आपदा प्रबंधन के अंतर्गत वर्ष 2019-20 के लिए 1,066 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं। इसमें से सितम्बर मध्य तक 362 करोड़ रुपये की राशि अन्य प्राकृतिक आपदाओं, ओला-पाला तथा राहत वितरण में खर्च की गई। वित्तीय वर्ष 2019 में केन्द्रांश के अंतर्गत 247 करोड़ की पहली किश्त जारी की गई, जिसमें पिछले वर्ष 2018-19 में दी गई 152 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केन्द्रांश राशि का समायोजन है। अत: वर्ष 2019 में प्रदेश में अब तक एस.डी.आर.एफ में 285.50 करोड़ की राशि ही उपलब्ध है।
प्रदेश के राजस्व विभाग के अनुसार प्रदेश के 52 में से 39 जिलों में अतिवृष्टि और बाढ़ से बहुत अधिक क्षति हुई है। राज्य में जून से सितंबर माह के बीच हुई वर्षा से लगभग 60 लाख 47 हजार हेक्टेयर क्षेत्र की 16 हजार 270 करोड़ रुपये की फसल प्रभावित हुई है। इसमें लगभग 53 लाख 90 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में 33 प्रतिशत तक फसल क्षतिग्रस्त हुई है। प्रदेश में अति-वृष्टि से क्षतिग्रस्त मकानों में 55,372 पक्का-कच्चे मकान, 4,098 पक्के मकान तथा 55,267 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे मकान शामिल हैं। इसी क्रम में 3,649 झोपडिय़ाँ और 3,274 पशु शेड भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
प्रदेश में बाढ़ और आकाशीय बिजली से 674 लोगों की मृत्यु हुई, 18 लोग शारीरिक अपंगता के शिकार हुए तथा तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। लगभग 1,515 दुधारू पशु, 373 भारवाही पशु तथा 3 हजार 270 मुर्गियों की क्षति हुई है।
राजस्व विभाग के अनुसार प्रदेश में अतिवृष्टि से सार्वजनिक संपत्तियों को हुए नुकसान की राशि 2,285 करोड़ रुपये आँकी गई है। फसलों की कुल क्षति का अनुमान लगभग 16,270 करोड़ रुपये है तथा फसलों के नुकसान के लिए माँगी गई सहायता राशि 3,742 करोड़ रुपये है। इसी प्रकार मकान की क्षति, लोगों और पशुओं की मृत्यु एवं अपंगता के लिए 579.96 करोड़ रुपये, रेस्क्यू आपरेशन के लिए 10.02 करोड़ रुपये, राहत शिविरों पर एक करोड़ 75 लाख रुपये, खाद्यान्न और मिट्टी तेल के नुकसान पर एक करोड़ 67 लाख रुपये की सहायता राशि अनुमानित है।