रेड जोन इंदौर में कृषि आदान आपूर्ति शृंखला को छूट देने के लिए चर्चा की जाएगी: केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर

Cabinet Minister for Agriculture Narendra Singh Tomar in a video conference with BJP Kisan Morcha MP state and district body during lockdown on May 6, 2020
भोपाल, बुधवार, 6 मई 2020। कोविड-19 महामारी के चंगुल में फँसे मध्यप्रदेश की औद्योगिक राजधानी इंदौर के रेड जोन में होने से लॉकडाउन के कड़े प्रतिबंधों के चलते कृषि आदानों की गतिविधियों को सुचारू ढंग से चलाने के लिए कृषि मंत्रालय, राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन से चर्चा कर शीघ्र ही इस समस्या का समाधान निकालेगा। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने आज यह आश्वासन दिया।
केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा मध्यप्रदेश के पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग करके किसानों की समस्याओं को समझा। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत सहित प्रदेश के पदाधिकारी एवं जिलाध्यक्ष उपस्थित रहे।
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश मीडिया प्रभारी संदीप श्रीवास्तव ने केन्द्रीय कृषि मंत्री को जानकारी दी कि मध्य प्रदेश में कार्यरत् लगभग सभी कृषि आदान संस्थाओं के इंदौर शहर में ही सीएण्डएफ और गोडाउन हैं। इंदौर शहर के रेड जोन में आने के कारण इंदौर से प्रदेशभर में संचालित होने वाली कृषि गतिविधियाँ बाधित हैं। संभवत: ऐसा अन्य प्रदेशों में भी हो। संदीप श्रीवास्तव ने आग्रह किया कि आगामी खरीफ सत्र को देखते हुए इंदौर जैसे रेड जोन में कृषि आदानों की पूरी आपूर्ति शृंखला को तत्काल ई-पास की सुविधा प्रदान की जाए।
कृषि मंत्री श्री तोमर ने कहा कि इस सम्बन्ध में वे राज्य के मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री और इंदौर कलेक्टर से चर्चा करके इस समस्या का कोई हल निकालेंगे। उन्होंने कहा कि रेड जोन क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं के अतिरिक्त किसी अन्य प्रकार की गतिविधियों को प्रारंभ करना खतरा मौल लेने के समान है लेकिन फिर भी किसानों की समस्या को देखते हुए इस दिशा में जल्द ही ठोस निर्णय लिया जायेगा।