विश्व खाद्य मूल्य पाँच महीने में पहली बार बढ़ा: एफएओ

Foodgrain Pulses Cereals
2019 के दौरान अनाज का उत्पादन 2.704 अरब टन रहेगा
नयी दिल्ली। अक्टूबर में विश्व खाद्य मूल्य में पाँच महीने के दौरान पहली बार बढ़ोतरी हुई है। संयुक्त राष्ट्र के खाद्य और कृषि संगठन (एफएओ) ने गुरुवार, 7 नवम्बर 2019 को यह जानकारी दी।
एफएओ ने कहा कि चीनी और अनाज के दामों में उछाल आने से यह बढ़ोतरी हुई है। खाद्य मूल्य सूचकांक अक्टूबर में औसतन 172.7 अंक रहा। इसमें पिछले महीने के मुकाबले 1.7 प्रतिशत और वार्षिक आधार पर 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
एफएओ अनाज, तिलहन, डेयरी उत्पादों, मांस और चीनी के लिए मासिक बदलाव का मूल्यांकन करता है। एफएओ ने यह भी पूर्वानुमान जताया है कि 2019 के दौरान अनाज का उत्पादन 2.704 अरब टन रहेगा जो इसके पिछले पूर्वानुमान से कुछ कम है।
एफएओ का चीनी मूल्य सूचकांक सितंबर के स्तर से 5.8 प्रतिशत बढ़ा है। भारत और थाईलैंड में चीनी उत्पादन में बड़ी कटौती के पूर्वानुमान के बाद इस वर्ष कम आपूर्ति की संभावना इसका मुख्य कारण है।
मजबूत व्यापारिक गतिविधि और कई प्रमुख उत्पादक देशों में फसल कम रहने की संभावना के कारण गेहूँ और मक्के का निर्यात मूल्य बढऩे से अनाज के सूचकांक मूल्य में 4.2 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। इसके उलट नरम माँग और प्रचुर मात्रा में बासमती फसल होने की उम्मीद से चावल की कीमतों में गिरावट आई है।