कॉफी और मसालों की खेती पर बारिश की मार

The Union Minister of India for Commerce Piyush Goel
कोच्चि। कर्नाटक और केरल में बाढ़ तथा भूस्खलन से कॉफी और मसालों की फसल को नुकसान पहुँचा है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार, 21 नवम्बर 2019 को लोकसभा में एक लिखित प्रश्न के उत्तर में यह जानकारी दी।
पीयूष गोयल ने बताया कि कर्नाटक और केरल में बाढ़ तथा भूस्खलन से कॉफी और मसालों की फसल को नुकसान पहुँचा है। देश की बड़ी माँग की आपूर्ति यहाँ से ही होती है। कर्नाटक में 620 हेक्टेयर क्षेत्र में कॉफी और मसालों की खड़ी फसल पर असर पड़ा है। बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित 16 हेक्टेयर क्षेत्र के अलावा केरल में करीब 850 हेक्टेयर पर असर पडऩे और 33 प्रतिशत से भी अधिक फसल नुकसान की खबर है। उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत से अधिक फसल क्षति के साथ कर्नाटक में करीब 43 प्रतिशत फसल वाले क्षेत्र पर असर पडऩे की संभावना है।
उन्होंने कहा कि भारतीय कॉफी बोर्ड ने बाढ़, भूस्खलन, समय से पहले फल गिरने और फफूँद से होने वाले रोगों के कारण हुए नुकसान का अनुमान लगाने के लिए इन राज्यों में सर्वेक्षण किया है। बागवानी निदेशालय का अनुमान है कि कर्नाटक में काली मिर्च, अदरक, हल्दी और मिर्च के बड़े क्षेत्र को बारिश के कारण नुकसान पहुँचा है। इससे 33 प्रतिशत तक फसल बरबाद होने की आशंका है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग ने केरल में भारी बारिश के प्रभाव का आकलन किया है। काली मिर्च, जायफल, अदरक, इलायची और लौंग के क्षेत्र प्रभावित हुए हैं।