किसान अन्नदाता हैं, किसान खुशहाल तो प्रदेश-देश खुशहाल: मुख्यमंत्री योगी

Yogi Adityanath Uttarpradesh Chief Minister and BJP senior leader


रमाला सहकारी चीनी मिल्स लि. की पेराई क्षमता 2,750 से 5,000 टी.सी.डी. की गई
27 मेगावॉट विद्युत उत्पादन संयंत्र का लोकार्पण
सरकार द्वारा 119 चीनी मिलों को पुन: संचालित कराया गया, 3 नई चीनी मिलें इसी वर्ष संचालित की गई
पिछली सरकारों में किसानों को गन्ना भुगतान, योजनाओं का लाभ, बिजली आदि नहीं मिल पाती थी
लखनऊ। किसान अन्नदाता हैं, किसान खुशहाल तो प्रदेश और देश खुशहाल रहेगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार, 4 नवम्बर 2019 को यहाँ जनपद बागपत में रमाला सहकारी चीनी मिल्स लि. के क्षमता विस्तार पर आयोजित एक कार्यक्रम में किसानों से यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने 330.14 करोड़ रुपये की लागत वाली की रमाला सहकारी चीनी मिल्स लि. की पेराई क्षमता 2,750 टी.सी.डी. से 5,000 टी.सी.डी. के क्षमता विस्तार तथा 27 मेगावॉट विद्युत उत्पादन संयंत्र का लोकार्पण किया। 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रमाला चीनी मिल का विस्तारीकरण होने से अगले 30 वर्षों तक बागपत के किसानों को कहीं नहीं भटकना पड़ेगा। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि वे किसानों के असली मसीहा थे। उन्होंने कहा कि किसान अन्नदाता है। यदि अन्नदाता खुशहाल होगा, तो हमारा देश व प्रदेश खुशहाल होगा। प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण हेतु दृढ़ संकल्पित है। यदि कोई किसानों की हित के साथ खिलवाड़ करेगा, तो उसको किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान की खुशहाली प्रदेश के विकास का आधार है। किसानों के जीवन में खुशहाली लाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर और उनकी आय को दोगुना करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश सरकार किसानों के कल्याण के लिए कटिबद्ध है। राज्य सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है।
पूर्ववर्ती सरकारों ने किसानों का उत्पीढि़त किया
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों में किसानों के लिए गन्ना क्रय केन्द्र भी नहीं लग पाते थे। पिछली सरकारों में किसानों को गन्ना भुगतान, योजनाओं का लाभ, बिजली आदि नहीं मिल पाती थी। किसान की यह एक बहुत गम्भीर समस्या और पीड़ा थी। पूर्ववर्ती सरकारें किसानों द्वारा कोई माँग किए जाने पर उनका उत्पीडऩ करती थीं। किसान अपनी आवाज नहीं उठा पाता था। अब ऐसा नहीं है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कर रही है। किसानों को गन्ना क्रय केन्द्र के लिए अब भटकना नहीं पड़ेगा। वर्तमान केन्द्र और राज्य सरकार ने किसान को खुशहाल करने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश 23 करोड़ की आबादी वाला प्रदेश है, जिसे उत्तम प्रदेश बनाने के लिए राज्य सरकार कटिबद्ध है। उन्होंने कहा किसानों के हक पर कोई डकैती नहीं डाल सकता।
बागवतवासियों को बाहर से बिजली नहीं लेनी होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि बागपत की रमाला चीनी मिल्स की विशेषता यह भी है कि यहाँ पर 27 मेगावॉट की बिजली पैदा होगी। बागपत के क्षेत्रवासियों को अब बाहर से बिजली नहीं लेनी होगी। गन्ने का एथनॉल बनाकर बाजार में बेचने के बाद भी किसानों का भुगतान किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार द्वारा 119 चीनी मिलों को पुन: संचालित कराया गया। इनमें से 3 नई चीनी मिलें इसी वर्ष संचालित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पहले 5-5 साल तक किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं मिलता था लेकिन वर्तमान सरकार ने किसानों की इस समस्या को भी खत्म कर दिया है।
इस अवसर पर गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री सुरेश राणा, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धरम सिंह सैनी, गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्यमंत्री सुरेश पासी, सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, प्रमुख सचिव गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग संजय आर. भूसरेड्डी तथा शासन-प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।