भोपाल। खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा सफलतापूर्वक चलाये गये अभियान 'शुद्ध के लिये युद्धÓ परिणामों से उत्साहित होकर किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री सचिन यादव ने भी प्रदेश के किसानों को उत्तम गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उपलब्ध कराने के लिए 15 नवंबर से 30 नवंबर 2019 तक सघन गुणवत्ता नियंत्रण अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
संचालनालय कृषि की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से संचालक कृषि मुकेश शुक्ला ने बताया कि कृषि मंत्री श्री यादव के निर्देश पर प्रदेश के किसानों को उत्तम गुणवत्ता के उर्वरक, बीज, कीटनाशक आदि उपलब्ध कराने के लिए 15 नवंबर से 30 नवंबर 2019 तक सघन गुणवत्ता नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। प्रदेशव्यापी अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रत्येक जिले में मैदानी अधिकारियों का दल गठित किया गया है। इन्हें आदान विक्रेताओं के विक्रय केन्द्रों व गोदामों से नमूने लेने के संबंध में विस्तृत निर्देश जारी किये गये हैं। इस अभियान में जैविक खेती में प्रयोग आने वाले जैव उर्वरकों, कार्बनिक उर्वरकों तथा जैविक कीटनाशकों के नमूने भी परीक्षण हेतु लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कृषि आदानों के मानक स्तर की जाँच के लिए चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान ही कृषि आदानों की कालाबाजारी के प्रकरण अलग से बनाए जाएंगे। इसके दायरे में अवैध ब्रांड, अवैध भण्डारण, अवैध परिवहन, अधिक कीमत पर तथा बिना लाईसेंस के विक्रय आदि रहेंगे।
मुकेश शुक्ला ने बताया कि समस्त जिलों के उप संचालक कृषि को इस सम्बन्ध में निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें दैनिक प्रगति से अवगत कराने के भी निर्देश दिए गए हैं, जिसकी नियमित समीक्षा की जायेगी।
जैविक उत्पादों के भी नमूने लें: संचालक कृषि मुकेश शुक्ला