रासायनिक उर्वरकों का संतुलित मात्रा में उपयोग मृदा स्वास्थ को बनाएं रखता है: आनंद मिश्रा

बिलासपुर। रासायनिक उर्वरकों का संतुलित मात्रा में उपयोग मृदा स्वास्थ को बनाएं रखता है। आनंद मिश्रा, सदस्य प्रबंध मंडल, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर ने मुख्य अतिथि की आसंदी से शुक्रवार, 22 अक्टूबर 2019 को यह विचार व्यक्त किया।
कृषि विज्ञान केन्द्र, बिलासपुर में खाद का सही उपयोग विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम के अवसर पर आनंद मिश्रा ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों का संतुलित मात्रा में उपयोग करें। उन्होंने किसानों से धीरे-धीरे रासायनिक उर्वरक को कम करते हुए उसके स्थान पर जैविक खादों का उपयोग करने की सलाह दी। श्री मिश्रा ने कहा कि किसान अपने आसपास मौजूद प्राकृतिक संसाधनों का समुचित उपयोग करें तथा अपनी शक्ति को पहचान कर एकजुट होकर पूरे आत्मविश्वास के साथ खेती करें।
कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र, बिलासपुर में कृषि विभाग, इफको, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक एवं छ.ग. राज्य सहकारी विपणन संघ बिलासपुर के सहयोग से किया गया था। कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के 200 से अधिक किसान एवं कृषक मित्र सम्मिलित हुए। उपस्थित कृषकों ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, पूसा नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कृषि महाविद्यालय, बिलासपुर के प्रभारी अधिष्ठाता डॉ. आर.के. शुक्ला ने किसानों को मिट्टी परिक्षण उपरान्त उर्वरकों का प्रयोग करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के विशिष्ठ अतिथि के रूप में रायपुर से पधारे इफको के उप महा प्रबंधक दलीप कुमार सींवर ने विभिन्न प्रकार के खादों एवं उसमें उपलब्ध पोषक तत्वों के बारे में विस्तारपूर्वक बतलाया।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख इंजी. राजेन्द्र कुमार स्वर्णकार ने कृषि विज्ञान केन्द्र में चल रही विभिन्न योजनाओं एवं उर्वरको का उचित उपयोग पर जानकारी प्रदान किया।
इस अवसर पर इफको के बिलासपुर जिले के प्रबंधक नवीन तिवारी ने इफको के विभिन्न उत्पादों की जानकारी के साथ-साथ किसानों को इससे होने वाले लाभ के बारे में बतलाया।
कार्यक्रम में बिलासपुर जिले के उपसंचालक कृषि अशोक शिंदे ने छत्तीसगढ़ शासन के कृषि विभाग द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।
कार्यक्रम का मंच संचालन कृषि वैज्ञानिक डॉ. अमित शुक्ला ने किया। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र, बिलासपुर के सभी अधिकारी वैज्ञानिक जयंत साहू, डॉ. दीपक श्रीवास्तव एवं सुशीला ओहदार तथा कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी राजाराम जयसवाल तथा विभिन्न विकासखण्डों से आये कृषि विस्तार अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में वैज्ञानिक एवं प्रोफेसर डॉ. किरण गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन किया।