मलेशिया से पाम ऑयल का आयात सीमित कर सकता है भारत

Palm Oil Pam Seed
मलेशिया के प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद द्वारा संयुक्त राष्ट्र में कश्मीर मुद्दे पर भारत की आलोचना की थी
भारत द्वारा प्रतिवर्ष 90 लाख टन से अधिक पाम तेल में इंडोनेशिया और मलेशिया का बड़ा योगदान
भारत ने 39 लाख टन मलेशियाई पाम ऑयल खरीदा
नई दिल्ली/ मुंबई, शुक्रवार, 11 अक्टूबर 2019। भारत, मलेशिया से पाम तेल समेत कुछ उत्पादों का आयात सीमित करने की योजना बना रहा है। सरकार और उद्योग के सूत्रों से यह जानकारी मिली है। उद्योग के जानकारों का मानना है कि मलेशिया के प्रधानमंत्री द्वारा कश्मीर मुद्दे पर भारत की आलोचना किए जाने की प्रतिक्रिया में सरकार उस दक्षिण पूर्व एशियाई देश से आयात पर प्रतिबंध लगा सकती है। प्रतिबंध के बारे में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय के नेतृत्व में की गई चर्चा में शामिल एक सरकारी अधिकारी और उद्योग सूत्र ने कहा कि केंद्र सरकार मलेशिया से पाम ऑयल और अन्य वस्तुओं का आयात सीमित करने के विकल्प तलाश रही है।
उल्लेखनीय है कि मलेशिया के प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद द्वारा संयुक्त राष्ट्र में पिछले महीने जम्मू-कश्मीर को लेकर लगाए गए आरोप पर भारत सरकार ने नाराजगी जताई थी। महातिर मोहम्मद ने संयुक्त राष्ट्र में कहा था कि भारत ने जम्मू-कश्मीर पर कब्जा किया है। उन्होंने भारत को इस मुद्दे के समाधान के लिए पाकिस्तान के साथ काम करने की नसीहत दी थी।
सूत्रों का कहना है कि भारत सरकार मलेशियाई सरकार को अपनी असहमति का कड़ा संदेश देना चाहती है। दुनिया में खाद्य तेल का सबसे बड़ा आयातक भारत, मलेशियाई पाम ऑयल के विकल्प तलाशने की योजना बना रहा है। भारत सरकार इंडोनेशिया, अर्जेंटीना और यूक्रेन जैसे देशों से खाद्य तेल की आपूर्ति बढ़ाकर मलेशियाई पाम ऑयल का विकल्प तलाश सकती है। पाम तेल का भारत के कुल खाद्य तेल आयात में लगभग दो-तिहाई का योगदान है। भारत प्रतिवर्ष 90 लाख टन से अधिक पाम तेल खरीदता है, जिसमें इंडोनेशिया और मलेशिया का बड़ा योगदान है। इस साल के पहले नौ महीनों में भारत मलेशियाई पाम ऑयल का सबसे बड़ा खरीदार था। मलेशियाई पाम ऑयल बोर्ड द्वारा जुटाए गए आँकड़ों के अनुसार भारत ने 39 लाख टन पाम ऑयल खरीदा।
हमें आधिकारिक सूचना नहीं
मलेशिया के प्रधानमंत्री महातिर मोहम्मद ने कहा कि उन्हें भारत से इस संबंध में कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। एक रिपोर्ट में कहा है कि भारत मलेशियाई पाम ऑयल और अन्य उत्पादों का आयात सीमित करने की योजना बना रहा है। महातिर मोहम्मद ने पत्रकारों को बताया, 'यह सिर्फ अफवाह है, हमें इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।'