कृषकों को जैविक खाद के उपयोग और निर्माण के लिए प्रेरित करें: कृषि मंत्री सचिन यादव

किसानों में मध्य जैविक खेती को लेकर व्याप्त भ्रम का समाधान करें कृषि अधिकारी
जबलपुर। कृषकों को जैविक खाद के उपयोग और इस खाद का स्वयं निर्माण करने के लिए प्रेरित किया जाए। मध्यप्रदेश के किसान कल्याण और कृषि विकास मंत्री सचिन सुभाष यादव ने यह विचार यहाँ मंगलवार, 1 अक्टूबर 2019 को आयोजित संभागीय बैठक में व्यक्त किए। जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में कृषि, उद्यानिकी, मण्डी, इफको, बोरलाग के संभागीय और जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कृषि मंत्री श्री यादव ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मध्यप्रदेश में लक्ष्य निर्धारित करके जैविक पद्धति से कृषि को बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि उत्तम कृषि से तात्पर्य जैविक खेती से है। अत: अधिक संख्या में कृषकों की जैविक खेती करने की ओर रुचि बढ़े, ऐसा प्रयास करें। उन्होंने कहा कि कृषकों के मन में जैविक कृषि को लेकर व्याप्त भ्रम का समाधान कर उसे समाप्त किया जाए। उन्हें समझाया जाए कि जैविक पद्धति से कृषि करने से भी अच्छा उत्पादन और फसल की बेहतर कीमत प्राप्त की जा सकती है।
कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि कृषक को गौपालन के लिए प्रेरित कर कृषि में गोबर-गोमूत्र के उपयोग को बढ़ाया जाए। सचिन यादव ने निर्देश दिए कि आने वाले रबी सत्र में उन्नत बीज और उर्वरकों की जरूरत का आंकलन कर समय पर आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी से किया जाए। कृषि मंत्री ने अतिवर्षा से प्रभावित फसलों और पीड़ित किसानों, नुकसान का सर्वे, फसल बीमा हेतु सर्वे आदि की जानकारी ली तथा पीडि़त किसानों को राहत पहुँचाने के निर्देश दिए। उन्होंने खरीफ फसलों से क्षेत्राच्छादन-उत्पादन-उत्पादकता के आंकलन की जानकारी ली।