किसानों को गुणवत्तायुक्त आदान मिलें इसके लिए सघन दल अभियान गठित: उप संचालक कृषि

शाजापुर। आगामी रबी सत्र के दौरान कृषकों को गुणवत्तायुक्त आदान मिल सके इसके लिए जिले में सघन अभियान चलाने हेतु दल गठित किया गया है। आर.पी. नायक, उप संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने शनिवार, 5 अक्टूबर 2019 को यह जानकारी दी।
श्री नायक ने बताया कि जिले के कृषकों को रबी 2019-20 में उत्तम गुणवत्ता के कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा बीज, उर्वरक एवं कीटनाशी औषधि की कालाबाजारी एवं अवैध व्यापार पर रोक हेतु 1 अक्टूबर से 30 नवम्बर 2019 तक सघन अभियान चलाया जा रहा है। इस हेतु सघन अभियान दल का गठन किया गया है।
गठित दल में सहायक संचालक कृषि एवं उप परियोजना संचालक आत्मा के.एस. जावरिया दल प्रभारी होंगे। इसी तरह अनुविभागीय कृषि अधिकारी जे.पी. शर्मा, वरिष्ठ कृषि विभाग अधिकारी ओ.पी. सक्सेना, व्ही.डी. पाटीदार, एम.एल. मालवीय, व्ही.पी. सोलिया तथा के.सी. परमार सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे।
उक्त दल समय-समय पर अभियान के रूप में जिले में कृषि आदान वितरण संस्था एवं निजी विक्रेताओं की सघन जाँच एवं निरीक्षण करेगा। साथ ही भण्डारित कृषि आदान सामग्री के नमूने लेकर परीक्षण हेतु संबंधित प्रयोगशाला में भेजेंगे।