केन्द्र सरकार शीघ्र जारी करे 6,621.28 करोड़ की राहत राशि: कमल नाथ

Chief Minister of MadhyaPradesh Kamal Nath meeting with Home Minister Government of India Amit Shah in New Delhi on Monday, 21 October 2019


किसानों और प्रभावितों को राहत पहुँचाने में सहयोग करे केन्द्र 
मुख्यमंत्री कमल नाथ की नई दिल्ली में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट
नयी दिल्ली। केन्द्र सरकार 6,621.28 करोड़ की राहत राशि शीघ्र जारी करे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमल नाथ ने यहाँ केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सोमवार, 21 अक्टूबर 2019 को भेंटकर यह आग्रह किया।
मुख्यमंत्री ने केन्द्रीय गृह मंत्री को मध्यप्रदेश में पिछले दिनों अतिवृष्टि के कारण कई जिलों में आई बाढ़ से हुए नुकसान की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों और अन्य प्रभावितों को तत्काल मदद दिए जाने के लिए केन्द्र सरकार राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से शीघ्र ही 6,621.28 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी करे।
मुख्यमंत्री कमल नाथ ने गृह मंत्री को सौंपे ज्ञापन में बताया कि बाढ़ के कारण 55 लाख से अधिक किसान और आम आदमी प्रभावित हुए हैं। अधोसंरचना को भी भारी नुकसान पहुँचा है। कमल नाथ ने बताया कि राज्य में सामान्य से 46 प्रतिशत से अधिक वर्षा हुई है। प्रदेश के 52 में से 20 जिलों में सामान्य से 60 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। किसानों की सभी फसलों को भारी नुकसान पहुँचा है। मुख्यमंत्री ने केन्द्र से प्रदेश में भारी वर्षा के कारण आई त्रासदी को गंभीर आपदा की श्रेणी में रखने की माँग की।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में 4 अक्टूबर 2019 को मुख्यमंत्री कमल नाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी अतिवृष्टि और बाढ़ के कारण हुए नुकसान का ब्यौरा दिया था। मुख्यमंत्री के आग्रह पर प्रधानमंत्री ने अतिवृष्टि से हुए नुकसान का केन्द्रीय अध्ययन दल से फिर से आकलन करवाया। अध्ययन दल ने 14 से 16 अक्टूबर के बीच प्रदेश के 16 जिलों में हुए नुकसान का जायजा लेकर अपनी रिपोर्ट केन्द्र सरकार को सौंप दी है।


Chief Minister of MadhyaPradesh Kamal Nath meeting with Home Minister Government of India Amit Shah in New Delhi on Monday, 21 October 2019
मुख्यमंत्री ने कहा कि आकलन होने के बाद अब केन्द्र सरकार तत्काल राज्य सरकार को राहत राशि दे ताकि सभी प्रभावितों, विशेषकर किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जा सके। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।