कर्जमाफी के इंतजार में आत्महत्या कर रहे प्रदेश के किसान: विजेश लुणावत

Vijesh Lunawat Bhartiya Janta Party Madhyapradesh Vice President


भोपाल, गुरुवार, 31 अक्टूबर 2019। कांग्रेस द्वारा किए गए कर्जमाफी के झूठे वादे की सच्चाई अब सामने आने लगी है। प्रदेश के किसान परेशान हैं। कर्जमाफी के झूठे सब्जबाग दिखाकर कांग्रेस ने किसानों को भ्रमित किया। कर्जमाफी के इंतजार में बैठे प्रदेश के किसानों को बैंकों से वसूली के नोटिस मिल रहे हैं और लाचार किसान आत्महत्या के लिए मजबूर हो रहे हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने रायसेन में कर्ज से परेशान बुजुर्ग किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कही।
रायसेन जिले के साईंखेड़ा निवासी 60 वर्षीय किसान तुलसीराम साहू ने बुधवार, 30 अक्टूबर 2019 को कर्ज से परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लुणावत ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार 10 माह से कर्जमाफी का ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन प्रदेश भर में कर्ज से परेशान किसान आत्महत्या कर रहे हैं, जिनसे कर्जमाफी की सच्चाई का पता चलता है। श्री लुणावत ने कहा कि कर्जमाफी को लेकर प्रदेश सरकार ने नीले, पीले और गुलाबी फॉर्म भरवाए। उसके बाद कालातीत और अल्पकालीन ऋण के नाम पर नियम और शर्तें लागू कीं। किसानों को आशा थी कि जो फार्म भरवाए हैं, उनसे लाभ मिलेगा, लेकिन किसानों को हमेशा छलने वाली कांग्रेस ने इस बार भी कर्जमाफी के नाम पर धोखा दिया। किसानों को अब बैंकों से वसूली के नोटिस मिल रहे हैं और कर्ज चुकाने में असमर्थ किसान अपनी जान दे रहे हैं। श्री लुणावत ने कहा कि एक तरफ बैंक तो दूसरी तरफ साहूकार किसानों को परेशान कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश सरकार मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रही है।