केंचुआ खाद का जैविक प्रमाणीकरण तथा एन.पी.एम. दुकानों से विपणन की व्यवस्था करने कृषि विभाग को दिए निर्देश
धमतरी। छत्तीसगढ़ के नगरी विकासखण्ड के अंतिम छोर में बसे ग्राम पंचायत घुरावड़ का मंगलवार, 1 अक्टूबर 2019 को कलेक्टर रजत बंसल ने दौरा किया। यहाँ नेशनल मिशन ऑन सस्टेनेबल एग्रीकल्चर के तहत किसानों ने पहली बार 50 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की कतार रोपाई की है। साथ ही मेड़ों पर फलदार पौधे भी लगाए हैं। इनमें आम, कटहल, नींबू, अमरूद इत्यादि सम्मिलित हैं। कलेक्टर ने घुरावड़ पहुँच कतार रोपाई से लगाये गए चंद्रहासिनी धान का निरीक्षण किया।
मौके पर उप संचालक कृषि द्वारा बताया गया कि यहाँ के किसान पहले सामान्य रोपाई से ही धान की फसल लेते थे। इस साल पहली बार उन्हें कतार रोपाई के लिए प्रेरित किया गया है, जिससे धान उत्पादन में 5 से 10 प्रतिशत तक की वृद्धि होने की संभावना है। इसके साथ ही घुरावड़ में हितग्राहियों द्वारा 25 केंचुआ खाद टंकी बनाई गई है। कलेक्टर ने इनका भी मुआयना किया।
उन्होंने मौके पर उपस्थित उपसंचालक कृषि को निर्देशित किया कि सुराजी ग्राम योजना के तहत जिले के गौठानों में उत्पादित होने वाले केंचुआ खाद का जैविक प्रमाणीकरण विभाग करे तथा बिहान की प्राकृतिक उत्पाद प्रबंधन की दुकानों के जरिए इन केंचुआ खादों का विपणन कराना सुनिश्चित् करें।
उन्होंने इस मौके पर घुरावड़ के हितग्रहियों के घरों में लगे गोबर गैस संयंत्र का भी निरीक्षण किया। बताया गया कि यहाँ 31 घरों में गोबर गैस से भोजन बनाया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने काफी प्रसन्नता जताई।
घुरावड़ पंचायत में कुछ किसानों ने जैविक पद्धति से तैयार किए जा रहे धान प्रजाति सुगंधित नगरी दूबराज का भी दो से तीन एकड़ में फसल लगाई है। इसे कलेक्टर ने काफी सराहा।
घुरावड़ में कतार पद्धति से रोपे गए धान की फसल का कलेक्टर ने किया अवलोकन