कुंडम तहसील में प्रति हेक्टेयर सिंचित धान की उत्पादकता 45 क्विंटल एवं असिंचित धान की 40 क्विंटल तय
कुंडम तहसील को छोड़कर जिले की सभी तहसीलों में प्रति हेक्टेयर सिंचित धान की उत्पादकता 50 क्विंटल एवं असिंचित धान की 45 क्विंटल तय
जबलपुर। धान खरीदी केन्द्रों पर किसानों की सुविधा के अनुसार सभी जरूरी इंतजाम हों। कलेक्टर भरत यादव ने शुक्रवार, 4 अक्टूबर 2019 की शाम धान उपार्जन व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिये।
श्री यादव ने धान खरीदी की तैयारियाँ अभी से प्रारंभ करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि धान के भण्डारण के लिए पर्याप्त तैयारियों के साथ खरीदी केन्द्रों पर तौल-कांटे, नमी मापक, बिजली, पानी की व्यवस्थाओं का ध्यान रखा जाये। कलेक्टर ने धान उपार्जन के लिए 16 अक्टूबर तक हर हाल में पंजीयन करा लेने के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि नये किसानों के पंजीयन के साथ-साथ पूर्व में पंजीयन करा चुके किसानों को भी पंजीयन केन्द्रों पर जाकर अपने डेटा को अपडेट कराने के लिए कहा जाये ताकि उन्हें भुगतान में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
श्री यादव ने कहा कि इस बार जिले में हुई अच्छी बारिश के फलस्वरूप धान की उत्पादकता भी बढ़ेगी और उसी मात्रा में उपार्जन भी अधिक होगा। अधिकारियों को इस तथ्य को ध्यान में रखते हुए भण्डारण के पुख्ता इंतजाम भी सुनिश्चित करने होंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों से धान के भण्डारण के लिए गोदामों को अभी से चिन्हित करने की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिये साथ ही ओपन कैप की स्थापना के लिए स्थान तय करने की हिदायत दी।
धान की उत्पादकता निर्धारित
कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि इस बार अच्छी वर्षा होने के कारण प्रति हेक्टेयर सिंचित और असिंचित धान की उत्पादकता में अधिक अंतर नहीं रखा गया है। किसानों से उपार्जन के लिए धान की प्रति हेक्टेयर उत्पादकता में पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि भी की गई है। श्री यादव ने बताया कि कुंडम तहसील को छोड़कर जिले की सभी तहसीलों में प्रति हेक्टेयर सिंचित धान की उत्पादकता 50 क्विंटल एवं असिंचित धान की उत्पादकता 45 क्विंटल निर्धारित की गई है। जबकि कुंडम तहसील में प्रति हेक्टेयर सिंचित धान की उत्पादकता 45 एवं असिंचित धान की प्रति हेक्टेयर उत्पादकता 40 क्विंटल तय की गई है।
धान खरीदी केन्द्रों पर किसानों की सुविधा के अनुसार सभी जरूरी इंतजाम हों: कलेक्टर भरत यादव