भारत के प्याज निर्यात पर प्रतिबंध के निर्णय से पड़ोसी देशों को झटका, दोगुने हुए दाम

Onion


नई दिल्ली, बुधवार, 2 अक्टूबर 2019। प्याज की बढ़ती कीमतों से निपटने के लिए भारत सरकार ने प्याज के निर्यात पर रोक लगा दी है। भारत द्वारा निर्यात पर रोक लगाए जाने के बाद बांग्लादेश, नेपाल, दुबई, श्रीलंका और मलेशिया में प्याज के दाम दोगुने हो गए है। बता दें कि पिछले रविवार को देशभर में प्याज की कीमतों से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने भारत से होने वाले प्याज के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दिया था। राजधानी दिल्ली में प्याज की कीमतें 70-80 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुँच गई थी।
नेपाल-बांग्लादेश और दुबई के लोग हुए परेशान
भारत द्वारा प्याज निर्यात प्रतिबंधित किए जाने से बांग्लादेश, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका, दुबई, मलेशिया में प्याज के दाम दोगुने हो गए। बांग्लादेश में एक किलो प्याज का भाव 120 टका (1.42 डॉलर) तक पहुँच गया, जो एक पखवाड़े की तुलना में दोगुने और दिसंबर 2013 के बाद सबसे अधिक है। वहीं श्रीलंका में प्याज की कीमतें एक सप्ताह में 50 प्रतिशत तक बढ़कर 280-300 श्रीलंकाई रुपया (1.7 डॉलर) प्रति किलोग्राम हो चुकी हैं।
आपूर्ति बढ़ाने के लिए इन देशों का किया रुख
प्याज की कीमतें बढ़ने से इन देशों की सरकारों ने प्याज की आपूर्ति बढ़ाने के लिए चीन, मिस्र, तुर्की, म्यांमार का रुख कर लिया है। चीन और मिस्र प्याज का बड़ा निर्यात है।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा प्याज विक्रेता
भारत दुनिया का सबसे बड़ा प्याज विक्रेता है। भारत के कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) के आँकड़ों के अनुसार देश ने वित्त वर्ष 2018-19 में 22 लाख टन ताजा प्याज का निर्यात किया है।
पिछले रविवार को भारत में प्याज की कीमतें 6 साल में 4,500 रुपये प्रति क्विंटल (=100 किलोग्राम) के उच्च स्तर पर पहुँचने के बाद सरकार ने निर्यात पर रोक लगा दी। प्याज उत्पादन करने वाले राज्यों में भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति की वजह से प्याज की कीमतों में तेजी आई। वहीं भारी बारिश के कारण महाराष्ट्र, कर्नाटक और अन्य दक्षिण भारतीय राज्यों से उत्तर भारत में प्याज की नई फसल की आपूर्ति नहीं हो पाना भी वजह रही।