असामयिक वर्षा से फसल क्षति का आकलन मैदानी स्तर पर कर तत्काल कार्यवाही करें: कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे

Ravindra Choubey Cabinet Minister for Agriculture addressing to a meeting in Raipur on 21 October 2019
कृषि मंत्री ने बैठक लेकर विभागीय अधिकारियों को दिए निर्देश
रायपुर। असामयिक वर्षा से फसल क्षति का आकलन मैदानी स्तर पर कर तत्काल कार्यवाही करें। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने सोमवार, 21 अक्टूबर 2019 को यहाँ नवा रायपुर स्थित मंत्रालय में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए।
कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को मैदानी स्तर पर जाकर प्रदेश में पिछले दो दिनों से हो रही असामयिक वर्षा से फसल क्षति का आकलन करना होगा। उन्होंने आकलन पश्चात तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए। श्री चौबे ने कहा कि जहाँ कटाई उपरांत खेत में फसल सूखने हेतु रखा गया था वहाँ फसल क्षति होने की संभावना अधिक है।
कृषि मंत्री द्वारा सोयाबीन, धान, सब्जियों आदि की क्षति का आकलन करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करें कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत कृषकों को नियमानुसार फसल बीमा राशि का लाभ मिले। कृषि मंत्री श्री चौबे ने विशेष सचिव कृषि को फसल क्षति के आकलन हेतु जिले के कलेक्टरों से चर्चा करने निर्देशित किया।