उत्तर प्रदेश सरकार किसानों से 50 लाख मीट्रिक टन धान खरीदेगी
1,850 रुपये प्रति क्विंटल पर अतिरिक्त 20 रुपये अलग से देगी सरकार
खरीदी 1 अक्टूबर 2019 से प्रारंभ होकर 28 फरवरी 2020 तक चलेगी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार, 10 सितंबर 2019 को वर्ष 2019-20 के लिए अपनी धान खरीद नीति की घोषणा की। इसके तहत सरकार ने 50 लाख टन की धान खरीद का लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में यहाँ हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव को अनुमति दी गई। प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने यहाँ संवाददाताओं को बताया कि मंत्रिमंडल ने धान खरीद नीति को अनुमोदित करते हुए सामान्य किस्म के धान को 1,850 रुपये प्रति क्विंटल तथा 'ए' ग्रेड के धान को 1,837 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि धान की छान-बीन के लिए किसानों को 20 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से अतिरिक्त धनराशि चुकाई जाएगी।
श्रीकांत शर्मा ने कहा कि वर्ष 2018-19 में 48 लाख 25 हजार टन धान खरीदा गया था। वहीं 2019-20 में 50 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सामान्य श्रेणी का धान 1,750 रुपये प्रति क्विंटल जबकि 'ए' ग्रेड का धान 1,770 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदा गया था। साथ ही धान की साफ-सफाई के लिए 20 रुपये प्रति क्विंटल अलग से भुगतान किया गया था। उन्होंने ने बताया कि धान खरीद एक अक्टूबर से शुरू होकर अगले साल 28 फरवरी तक जारी रहेगी।
उत्तर प्रदेश सरकार किसानों से 50 लाख मीट्रिक टन धान खरीदेगी