रबी का क्षेत्रफल दोगुना करने हेतु बनाएं कार्य योजना: कलेक्टर 

अनूपपुर। जिला अनूपपुर में रबी का क्षेत्रफल दोगुना करने हेतु कार्य योजना तैयार करें। कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने इस आशय के निर्देश सोमवार, 23 सितम्बर 2019 को उप संचालक कृषि एन.डी. गुप्ता को दिये।
कलेक्टर ने कहा कि अनूपपुर के आमजनों की आजीविका मुख्य रूप से कृषि पर आधारित है। क्षेत्र के विकास के लिए अपेक्षित है कि कृषि का विकास किया जाये और कृषि का संवर्धन किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक तकनीकी का प्रयोग कर उत्पादन बढ़ाने हेतु प्रेरित किया जाये।
कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने उप संचालक कृषि एन.डी. गुप्ता को रबी क्षेत्रफल को दोगुना करने हेतु वृहद कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सिंचाई के साधनों की व्यवस्था, बीज खाद की उपलब्धता एवं विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों को सहयोग प्रदान करने हेतु प्रस्ताव तैयार करें। साथ ही प्रगतिशील किसानों को चिन्हित कर मैदानी अमलों के माध्यम से उनके द्वारा अन्य किसानों को रबी फसल लेने हेतु प्रोत्साहित करें।
कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत सत्यापन की कार्यवाही की समीक्षा की। प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने सम्बन्धित राजस्व अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए सत्यापन का कार्य 5 अक्टूबर तक पूरा करने को कहा।
खरीफ पंजीयन प्रगति की समीक्षा के समीक्षा के दौरान जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी विपिन पटेल ने अवगत कराया कि जिले में खरीफ में लगभग 12 हजार कृषकों का पंजीयन किया जाना है जिसके विपरीत अब तक सिर्फ  100 किसानों ने ही पंजीयन करवाया है। 
उल्लेखनीय है कि खरीफ 2019-20 (धान, ज्वार, बाजरा) हेतु पंजीयन की कार्यवाही 16 सितम्बर से प्रारम्भ की गयी थी। शासन के निर्देशानुसार 16 अक्टूबर तक पंजीयन की कार्यवाही की जानी है।
कलेक्टर ने लचर प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री ठाकुर ने जिले के कृषकों से अपील की है कि शीघ्र खरीफ पंजीयन कराकर अंतिम दिवस की असुविधा से बचे।
कलेक्टर ने राजस्व विभाग एवं खाद्य विभाग को आपसी सामंजस्य के साथ पंजीयन सम्बन्धी दावा आपत्तियों पर नियमित रूप से कार्यवाही कर 30 सितम्बर तक अनिवार्य रूप से समस्त प्रकरणों के निराकरण हेतु निर्देशित किया।