24 सितंबर 2019 तक जिले की 402 ग्राम पंचायतों में 5,240 मृदा स्वास्थ पत्रकों का वितरण किया गया
गुना, शुक्रवार, 25 सितम्बर 2019। जिले में गत एक माह से मृदा स्वास्थ पत्रक जागरूकता एवं वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत स्तर पर कृषक संगोष्ठी, कृषक प्रशिक्षण एवं किसान खेत पाठशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। उप संचालक कृषि अशोक उपाध्याय ने इस आशय की जानकारी दी।
श्री उपाध्याय ने बताया कि अभियान के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मृदा स्वास्थ पत्रकों का वितरण तथा मृदा स्वास्थ पत्रक की अनुशंसाओं को कृषकों द्वारा उपयोग कराये जाने के संबंध में कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के लिए विकासखण्ड स्तरीय दलों का गठन किया गया था, जो कार्यक्रम को संपन्न कराने में कार्यरत हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 24 सितंबर 2019 तक जिले की 402 ग्राम पंचायतों में 5,240 मृदा स्वास्थ पत्रकों का वितरण किया गया है।
उप संचालक कृषि ने बताया कि शासन स्तर से भी संभागीय अधिकारी निरीक्षण हेतु नियुक्त किये गए हैं। संयुक्त संचालक कृषि ग्वलियर संभाग से आर.बी.एस. राजपूत सहायक संचालक कृषि द्वारा 19 एवं 20 सितंबर 2019 में विकासखण्ड गुना में म्याना एवं विकासखण्ड आरोन में पिपरोदाकला ग्राम पंचायत स्तर पर कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया एवं किसानों को मृदा स्वास्थ पत्रक की अनुशंसाओं पर कार्य करने की सलाह दी गई।
श्री उपाध्याय ने बताया कि कार्यक्रम का अंतिम सप्ताह चल रहा है। शेष रही ग्राम पंचायतों के समस्त कृषक भाईयों से आग्रह है कि वे इस कार्यक्रम में भाग लेकर दी गई सलाह का अनुसरण करें।